
कृषि महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य का विधायक ने किया निरीक्षण।
बस्तर टाइम्स न्यूज़, पखांजूर। क्षेत्र के विधायक विक्रम देव उसेंडी ने पखांजूर के ग्राम PV-32 में निर्माणाधीन शासकीय कृषि महाविद्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि पखांजूर में शासकीय कृषि महाविद्यालय की स्थापना लगभग दो वर्ष पूर्व की गई थी। भवन निर्माण पूरा नहीं होने के कारण प्रथम शैक्षणिक सत्र की पढ़ाई कांकेर स्थित कृषि महाविद्यालय में संचालित की गई। वर्तमान शैक्षणिक सत्र में महाविद्यालय की कक्षाएं पखांजूर के पुराने स्टेट बैंक भवन में संचालित की जा रही हैं।
महाविद्यालय का स्थायी परिसर ग्राम पीवी-32 स्थित शासकीय कृषि प्रक्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। यहां आधुनिक शैक्षणिक भवन, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, छात्र एवं छात्राओं के लिए पृथक छात्रावास तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचनाओं का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ कृषि शिक्षा का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा।




