
महासमुंद में 2.25 करोड़ की अफीम पोस्त डोडा बरामद, हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद, 2 अप्रैल 2026। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अफीम पोस्त डोडा की बड़ी खेप जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कुल 1432 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को विशेष निर्देश प्राप्त थे। इसी क्रम में जिले में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक HR46 F 4848 में दो व्यक्ति अफीम पोस्त डोडा लेकर ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम हरविंदर सिंह (40 वर्ष), निवासी शांतिनगर, करनाल (हरियाणा) तथा सहयात्री ने अपना नाम सत्यवान वाल्मीकि (40 वर्ष), निवासी करनाल (हरियाणा) बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर पीछे रखी बोरियों में अफीम पोस्त डोडा पाया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उक्त मादक पदार्थ को झारखंड के गुमला से रायपुर (छत्तीसगढ़) ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा (कीमत 2,14,80,000 रुपये), परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन (कीमत 10,00,000 रुपये) तथा दो मोबाइल फोन (कीमत 20,000 रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
यह पूरी कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।




