Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरकोयलीबेड़ाछत्तीसगढ़पखांजुरशिक्षा

कापसी/ परलकोट की बेटियों ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, रविन्द्र मंच कापसी ने मेधावी छात्राओं का किया भव्य सम्मान।

रवींद्रनाथ टैगोर जयंती पर आयोजित सम्मान समारोह में 10वीं में 92% लाने वाली प्रीति मंडल और 12वीं में 94% अंक अर्जित करने वाली मनीषा विश्वास बनीं आकर्षण का केंद्र।

परलकोट की बेटियों ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, रविन्द्र मंच कापसी ने मेधावी छात्राओं का किया भव्य सम्मान।

कापसी/परलकोट। राष्ट्र कवि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर शनिवार को रविन्द्र मंच कापसी द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा का सुंदर संगम देखने को मिला। इस अवसर पर परलकोट क्षेत्र के 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में ग्राम पी.व्ही. 63 की दो होनहार छात्राओं प्रीति मंडल एवं मनीषा विश्वास को भी सम्मानित किया गया।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारदा की कक्षा 10वीं की छात्रा कुमारी प्रीति मंडल ने 92 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय एवं गांव का नाम गौरवान्वित किया। वहीं कक्षा 12वीं गणित संकाय की छात्रा कुमारी मनीषा विश्वास ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने स्कूल का बल्कि पूरे परलकोट क्षेत्र का नाम रोशन किया। दोनों छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।

रविन्द्र मंच कापसी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दोनों छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। आयोजन स्थल पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों की भारी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में सीमित संसाधनों के बावजूद बेटियों ने जिस प्रकार मेहनत और लगन से सफलता हासिल की है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो किसी भी कठिनाई को पार किया जा सकता है।

दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर ग्राम PV 63 के ग्राम प्रमुख समर मृधा एवं प्रेमानंद मंडल ने कहा कि आज के समय में शिक्षा ही सबसे बड़ी ताकत है। गांव की बेटियों ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी शहर या बड़े संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि पूरे गांव को इन छात्राओं पर गर्व है और आने वाले समय में ये बेटियां क्षेत्र का नाम और ऊंचा करेंगी।

पत्रकार श्रीदाम ढाली ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि यदि मन में दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं, जो पूरे समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक वातावरण भी देखने को मिला। रवींद्रनाथ टैगोर की रचनाओं और विचारों को याद करते हुए वक्ताओं ने शिक्षा एवं संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा गया कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत आधार है।

दोनों छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और नियमित पढ़ाई को अपनी सफलता का मंत्र बनाया।

10वीं में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली प्रीति मंडल ने क्या कहा..

“मैं अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देना चाहती हूं। उन्होंने हर समय मेरा हौसला बढ़ाया। मैंने नियमित पढ़ाई और समय का सही उपयोग किया। मेरा सपना है कि आगे चलकर एक सफल अधिकारी बनूं और अपने गांव तथा समाज का नाम रोशन करूं। मैं सभी विद्यार्थियों से कहना चाहती हूं कि मेहनत और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।”

12वीं में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली मनीषा विश्वास ने क्या कहा…

“मुझे शुरू से पढ़ाई में रुचि थी और मेरे शिक्षकों ने हमेशा मार्गदर्शन किया। मैंने कभी परिस्थितियों को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। मेरी इच्छा है कि मैं शिक्षक बनकर समाज को शिक्षित करूं और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करूं। अगर मन में लगन हो तो सफलता जरूर मिलती है।”

रविन्द्र मंच कापसी द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह न केवल मेधावी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ, बल्कि पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने वाला आयोजन भी बन गया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ते रहने का आशीर्वाद दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!