भानुप्रतापपुर/ पेट्रोल-डीजल की किल्लत और बढ़ती महंगाई के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस का हल्लाबोल, भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी।

पेट्रोल-डीजल की किल्लत और बढ़ती महंगाई के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस का हल्लाबोल, भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी।
भानुप्रतापपुर@17 मई/ देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत के विरोध में आज भानुप्रतापपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा स्थानीय पेट्रोल पंप के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील बबला पाढ़ी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया और केंद्र व राज्य की ‘डबल इंजन’ भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आधे से ज्यादा पेट्रोल पंप सूखे, जनता हो रही परेशान*
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। ब्लॉक अध्यक्ष सुनील बबला पाढ़ी ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री दावा कर रहे हैं कि बाजार में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है, लेकिन धरातल पर सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है। आज स्थिति यह है कि क्षेत्र के आधे से ज्यादा पेट्रोल पंप पूरी तरह से सूखे पड़े हैं।
“महंगाई आसमान छू रही है और आम जनता को मात्र कुछ लीटर पेट्रोल के लिए कड़कती धूप में घंटों लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है। यह सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा सबूत है।”
— सुनील बबला पाढ़ी, अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी
भाजपा सरकार के खिलाफ लगे ‘मूर्दाबाद’ के नारे
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखा। कार्यकर्ताओं ने हाथ में तख्तियां लेकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध किया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं द्वारा “भाजपा सरकार मूर्दाबाद” और महंगाई कम करने के नारे लगाए गए।
कांग्रेस का कहना है कि अगर जल्द ही पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य नहीं की गई और बढ़ती कीमतों पर लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रमुख पदाधिकारियों सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्र के आम नागरिक उपस्थित रहे।




