जांजगीर चम्पा/ पुरानी रंजिश में चाचा ने भतीजे की उंगली दांत से काटी, आरोपी गिरफ्तार।

पुरानी रंजिश में चाचा ने भतीजे की उंगली दांत से काटी, आरोपी गिरफ्तार।
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डुड़गा में पुरानी रंजिश को लेकर एक चाचा ने अपने ही भतीजे पर हमला कर दिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए भतीजे की उंगली दांत से काट दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई की।
प्रार्थी अमित कुमार यादव (30 वर्ष) मजदूरी करने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ स्थित रानीसराय गया हुआ था। 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे गांव लौटने के बाद वह अपनी दादी सोनकुंवर यादव से मिलने उनके घर पहुंचा था। इसी दौरान उसका चाचा रवि यादव पुरानी रंजिश को लेकर भड़क गया और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी रवि यादव ने अमित यादव के दाहिने हाथ की इंडेक्स फिंगर को दांत से काट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने थाना पामगढ़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) एवं 118(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि यादव (35 वर्ष) निवासी डुड़गा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, प्रधान आरक्षक राजेश कोसले, आरक्षक भुनेश्वर पटेल एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




