
परतापुर में चार आरोपियों से 67 लीटर महुआ शराब जब्त, ऑपरेशन उजियारा के तहत बड़ी कार्रवाई।
बस्तर टाइम्स न्यूज, परतापुर/ ऑपरेशन उजियारा के तहत परतापुर पुलिस ने अवैध महुआ शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 67 लीटर अवैध देशी महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 14,070 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 900 रुपये नकद भी बरामद किए गए। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन, एसडीओपी रवि कुजूर की निगरानी तथा थाना प्रभारी अभिषेक महोबिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने परतापुर एवं आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चारों आरोपी अवैध महुआ शराब का संग्रहण एवं बिक्री करते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश नेताम (30 वर्ष), निवासी थानापारा परतापुर, देवनाथ उसेंडी (30 वर्ष), निवासी छिंदटोला परतापुर, सिरेंद्र बेसरा (40 वर्ष), निवासी भिंगीडार तथा फागूराम कोर्राम (48 वर्ष), निवासी भिंगीडार शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




