Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरछत्तीसगढ़पखांजुर

पखांजुर/ कृषि आदान विक्रेताओं की बैठक सम्पन्न, किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने पर जोर।

थाना पखांजूर में कृषि आदान विक्रेताओं की बैठक सम्पन्न, किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने पर जोर।

पखांजूर, 13 जून 2026। थाना पखांजूर में शनिवार को श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार परलकोट क्षेत्र के कृषि आदान विक्रेताओं (खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय एवं थाना प्रभारी अनिल पालेश्वर ने क्षेत्र के सभी कृषि आदान विक्रेताओं को खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले खाद एवं बीज उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दरों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


इस अवसर पर परलकोट कृषि आदान विक्रेता संघ के अध्यक्ष असीम पाल ने क्षेत्र के कृषि आदान विक्रेताओं की विभिन्न समस्याओं से पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में खाद विक्रेताओं को कई व्यावसायिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संघ अध्यक्ष ने कहा कि कई उर्वरकों की खरीदी लागत शासन द्वारा निर्धारित विक्रय मूल्य से अधिक पड़ रही है, जिससे खुदरा व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि पूल हैंडलिंग एजेंसियों द्वारा खाद के साथ अतिरिक्त उत्पादों की टैगिंग की जा रही है, जिससे व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इसके अलावा खाद की आपूर्ति व्यापारियों के गोदाम तक एफ.ओ.आर. (पहुंच) सुविधा के साथ नहीं की जा रही है, जिसके कारण रायपुर से पखांजूर तक परिवहन पर प्रति बोरी लगभग 35 से 42 रुपये अतिरिक्त खर्च आ रहा है। यह भी खाद के मूल्य में वृद्धि का एक प्रमुख कारण बन रहा है।
संघ अध्यक्ष ने खाद वितरण, परिवहन, टैगिंग एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा तथा इनके समाधान की मांग की। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषयों को उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
बैठक में परलकोट क्षेत्र के बड़ी संख्या में कृषि आदान विक्रेता उपस्थित रहे। सभी ने खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!