
हल्का परगना गुरवंडी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया पुनांग तिन्दाना पंडुम (नवा खाई परब)।
बडगांव, गुरवंडी, 20 सितंबर/ हल्का परगना गुरवंडी में आदिवासी समाज का पावन एवं महत्वपूर्ण पर्व पुनांग तिन्दाना पंडुम (नवा खाई परब) हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के 29 ग्रामों के गायता, पटेल, महिला-पुरुष, युवक-युवतियां एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में परगना मांझी धनसाय दुग्गा, ग्राम पटेल लक्ष्मण दुग्गा, गायता सत्तेर दुग्गा, पेन पुजारी गीतेश दुग्गा, बिसाऊ दुग्गा, नरेंद्र दुग्गा, हीरालाल दुग्गा, मनीराम गोटा, शिवप्रसाद कोवाची, रामजी दुग्गा सहित 29 ग्रामों के सामाजिक पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।
नई फसल, परंपरा और प्रकृति के प्रति आभार
नवा खाई परब आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा, कृषि संस्कृति एवं अन्न के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर समाजजनों ने नई फसल के अन्न को ग्रहण करने से पूर्व अपने पेन पुरखों को नमन किया और प्रकृति शक्ति के प्रति आभार व्यक्त किया।
समाजजनों ने प्रार्थना की कि सभी परिवारों में सुख-समृद्धि बनी रहे, धन-धान्य की कमी न हो, खेतों में भरपूर फसल लहलहाए तथा समाज में शिक्षा, एकता एवं जागरूकता की नई फसल निरंतर बढ़ती रहे।
शिक्षा, एकता और संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प
पर्व के अवसर पर समाजजनों ने बच्चों को शिक्षित बनाने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा अपनी संस्कृति, परंपरा एवं प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया। उपस्थित ग्रामीणों ने आदिवासी समाज की परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर राजेश गोटा, जिला सचिव, सर्व आदिवासी समाज (युवा प्रभाग), जिला उत्तर बस्तर कांकेर ने समस्त क्षेत्रवासियों, किसान भाई-बहनों, माताओं-बहनों एवं युवा साथियों को पुनांग तिन्दाना पंडुम (नवा खाई परब) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




