Welcome to The Bastar Times   Click to listen highlighted text! Welcome to The Bastar Times
कांकेरखेलछत्तीसगढ़पखांजुर

पखांजुर/ बकरा–सुअर बना आकर्षण का केंद्र: बेलगाल में 10 दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक समापन।

बकरा–सुअर बना आकर्षण का केंद्र: बेलगाल में 10 दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक समापन।

पखांजुर(बेलगाल)। ग्राम बेलगाल में आयोजित 10 दिवसीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया, जिसमें मेजबान टीम बेलगाल और जय भीम क्रिकेट क्लब पी. व्ही. 63 के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। पूरे टूर्नामेंट के दौरान क्षेत्र में खेल के प्रति जबरदस्त उत्साह बना रहा, वहीं फाइनल मैच ने दर्शकों को अंत तक रोमांचित किए रखा।

फाइनल मुकाबला 10-10 ओवर का निर्धारित था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेलगाल की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। विपक्षी गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने मेजबान बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल पाए और पूरी टीम 8 ओवर 2 गेंद में 10 विकेट के नुकसान पर मात्र 64 रन ही बना सकी। लक्ष्य भले छोटा था, लेकिन फाइनल का दबाव हमेशा खास होता है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जय भीम क्रिकेट क्लब पी. व्ही. 63 की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार संतुलन दिखाया। सलामी बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत दी और टीम ने मात्र 7 ओवर में 65 रन बनाकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। जीत के साथ ही मैदान में खिलाड़ियों और समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

व्यक्तिगत पुरस्कारों की बात करें तो पूरे टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए बेलगाल के हरेश दीवान को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ से नवाजा गया। वहीं फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पी. व्ही. 63 के कमल विश्वास को ‘मैन ऑफ द मैच’ तथा प्रशंजीत देवनाथ को ‘बेस्ट बैट्समैन’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी रेंजर रमेश धनकर, वनपाल खिलेश रावटे, जनपद सदस्य एवं गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि रमेश धनकर ने अपने संबोधन में कहा ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे और बुरी प्रवृत्तियों से दूर रखती हैं। खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त जरिया है। बेलगाल गांव ने जिस उत्साह और अनुशासन के साथ इस आयोजन को सफल बनाया है, वह अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। वनपाल खिलेश रावटे ने भी आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से क्षेत्र में भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत होती है।

इस टूर्नामेंट का सबसे खास आकर्षण रहा अनोखा पुरस्कार। प्रथम पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये नकद के साथ एक बड़ा सा बकरा तथा द्वितीय पुरस्कार में 15 हजार रुपये नकद के साथ एक बड़ा सुअर रखा गया था। परलकोट क्षेत्र में यह अनूठी पहल चर्चा और आकर्षण का केंद्र बनी रही। खिलाड़ियों में इन पुरस्कारों को लेकर विशेष उत्साह देखा गया, जिसने प्रतियोगिता को और भी रोचक बना दिया। ग्रामीण परिवेश में खेल भावना, आपसी सौहार्द और उत्सव जैसा माहौल लिए यह प्रतियोगिता क्षेत्र के लिए यादगार बन गई। आयोजकों ने भविष्य में इसे और भव्य स्तर पर आयोजित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अध्यक्ष महेश बघेल, पूर्व सरपंच जितेंद्र बघेल, जनपद सदस्य पिंकी बघेल, उपसरपंच रासो बाई नुरूटी, प्रेमानंद मंडल, दीपंकर हालदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खिलाड़ी बंधु उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!