
शनिवार बैगलेस डे पर पूरे जिले में एकरूपता से प्रातःकालीन स्कूल संचालन की मांग, जिला पंचायत सभापति ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
बस्तर टाइम्स न्यूज, पखांजुर/ शनिवार को आयोजित होने वाले बैगलेस डे के प्रभावी संचालन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत कृषि विभाग के सभापति दिपंकर राय ने कलेक्टर, उत्तर बस्तर कांकेर को ज्ञापन सौंपकर पूरे जिले में शनिवार को प्रातःकालीन समय में विद्यालय संचालित किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि पूर्व में शनिवार को विद्यालयों का संचालन प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाता था। इस दौरान विद्यालयों में योगाभ्यास, बागवानी, गीत, कविता, भाषण, खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन होता था, जिससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं कौशल का समग्र विकास सुनिश्चित होता था।
वर्तमान व्यवस्था में जिले के विभिन्न विद्यालयों में अलग-अलग समय पर स्कूल संचालित हो रहे हैं। कहीं प्रातःकालीन तो कहीं सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पूरे दिवस विद्यालय लग रहे हैं। इस असमान व्यवस्था के कारण विशेषकर हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में बैगलेस डे के उद्देश्य अनुरूप योग, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का समुचित संचालन नहीं हो पा रहा है। जबकि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ही सीमित रूप से इन गतिविधियों का आयोजन संभव हो रहा है।
दिपंकर राय ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि शनिवार बैगलेस डे पर पूरे जिले में एक समान प्रातःकालीन समय में विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए योग, सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का प्रभावी आयोजन किया जा सके।




