राजनांदगांव/ अवैध गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार।

अवैध गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार।
राजनांदगांव@10 जून 2026/ जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नगदी राशि तथा परिवहन में प्रयुक्त कार सहित कुल 7 लाख 66 हजार 500 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में अपराध नियंत्रण एवं सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक के नेतृत्व में सोमनी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने 10 जून 2026 को ठाकुरटोला टोल प्लाजा के समीप नाकाबंदी के दौरान कार क्रमांक CG 08 BE 0156 को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान वाहन से चार पैकेटों में रखा हुआ कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही आरोपियों के पास से 12 हजार 500 रुपये नगद भी जब्त किए गए। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 54 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में फैजल अंसारी (24 वर्ष) निवासी शक्तिनगर वार्ड क्रमांक 19, थाना कोतवाली राजनांदगांव, नील गिडवानी (24 वर्ष) निवासी सिंधी कॉलोनी, थाना बसंतपुर राजनांदगांव तथा अतुल गोस्वामी (26 वर्ष) निवासी दुर्गा चौक, लखोली, थाना कोतवाली राजनांदगांव शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त कार सहित कुल 7 लाख 66 हजार 500 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक पूछताछ एवं विवेचना के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल, उपनिरीक्षक बलदाऊ चंद्राकर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक संजीत जायसवाल, पूनम साहू, प्रधान आरक्षक डुलेश्वर साहू तथा थाना सोमनी के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




