भानुप्रतापपुर/ पटवारी पर रिश्वत मांगने का आरोप, किसानों और विद्यार्थियों ने सौंपा ज्ञापन; कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी।

पटवारी पर रिश्वत मांगने का आरोप, किसानों और विद्यार्थियों ने सौंपा ज्ञापन; कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी।
बस्तर टाइम्स न्यूज, भानुप्रतापपुर/ ग्राम पंचायत जातावाड़ा के किसानों, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने बुधवार को तहसीलदार भानुप्रतापपुर को ज्ञापन सौंपकर पटवारी हल्का क्रमांक-09 के पटवारी नरेश शोरी के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि राजस्व संबंधी कार्यों, नामांतरण, सीमांकन तथा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों के लिए अवैध रूप से रिश्वत की मांग की जाती है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि राशि नहीं देने पर आवेदनों को लंबे समय तक लंबित रखा जाता है, जिससे किसानों और विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि जांच के दौरान वीडियो सहित अन्य साक्ष्य भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस अवसर पर एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र कड़ियाम ने कहा कि किसानों और विद्यार्थियों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पटवारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा तत्काल हल्के से हटाने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एसडीएम एवं तहसीलदार द्वारा समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्राम पंचायत जातावाड़ा के ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक एवं चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना था कि एनएसयूआई हमेशा किसानों, विद्यार्थियों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान वार्ड पंच पातीराम कमेटी, बैजनाथ नरेटी, लक्ष्मीनारायण कड़ियाम, अनिल नरेटी, जय सिंह मांडवी, श्यामलाल नरेटी, पिल्सशाय दर्रो, चैतूराम उसेंडी, लच्छन नरेटी, दिनेश उसेंडी, टाकेश्वर नरेटी, जितेंद्र दुग्गा, हीरालाल मरकाम, रामसाय नरेटी, कोमल गावड़े, गोविंद मंडावी, बिहारी नरेटी, जैन उइके, असवंत नरेटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




