भानुप्रतापपुर/ एक क्लिक की गलती पड़ सकती है भारी, NSS ने सिखाया सेवा के साथ साइबर सुरक्षा का मंत्र।
महर्षि कॉलेज में NSS स्थापना दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक से दिया साइबर ठगी से बचाव का संदेश।

एक क्लिक की गलती पड़ सकती है भारी, NSS ने सिखाया सेवा के साथ साइबर सुरक्षा का मंत्र।
बस्तर टाइम्स न्यूज़@भानुप्रतापपुर/ मोबाइल की स्क्रीन पर आने वाला हर मैसेज भरोसे के लायक नहीं होता और हर लिंक सुरक्षित नहीं होता। एक छोटी-सी लापरवाही बैंक खाते से लेकर निजी तस्वीरों और सोशल मीडिया तक को खतरे में डाल सकती है। इसी संदेश के साथ शासकीय महर्षि वाल्मीकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भानुप्रतापपुर में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर सायबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ डिजिटल दौर में सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पूजार्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम अधिकारी चेतन कुमार श्रीवास ने स्वागत उद्बोधन में NSS की मूल भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि NSS केवल एक योजना नहीं, बल्कि ऐसी सोच है जो युवाओं को ‘मैं’ से ‘हम’ की ओर ले जाती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से सेवा को कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर उसे अपने आचरण और जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
पासवर्ड और निजी जानकारी किसी से साझा न करें।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं थाना प्रभारी अम्बर सिंह भारद्वाज ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों से रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी में अपराधी अक्सर लालच, डर और जानकारी के अभाव का फायदा उठाते हैं। इसलिए अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध फाइल डाउनलोड करने या अनजान व्यक्ति से वीडियो कॉल और चैट करने से बचना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाते हुए कहा कि बैंक, मोबाइल, सोशल मीडिया अथवा किसी भी डिजिटल सेवा का PIN, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल का नियंत्रण दूसरे व्यक्ति के हाथ में जा सकता है और निजी फोटो, संपर्क नंबर तथा अन्य डाटा का दुरुपयोग हो सकता है।
उन्होंने फर्जी वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेलिंग, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती के बाद होने वाली ठगी तथा ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा फोन पर पुलिस या अन्य अधिकारी बनकर डराया जाए और तत्काल पैसे अथवा अन्य मांग पूरी करने को कहा जाए तो घबराने के बजाय इसकी सूचना पुलिस को देनी चाहिए।
1930 पर तत्काल करें शिकायत
थाना प्रभारी भारद्वाज ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर समय गंवाए बिना 1930 पर शिकायत दर्ज कराना महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, आसपास के लोगों तथा समाज को भी साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दें।
NSS का मतलब केवल कार्यक्रम नहीं, सेवा का संस्कार।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रत्नेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना वर्ष 1969 में महात्मा गांधी की जन्म शताब्दी के अवसर पर युवाओं में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से की गई थी। NSS स्वयंसेवक सात दिवसीय विशेष शिविरों सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान एवं जनजागरूकता जैसे कार्यों से जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि NSS की वास्तविक पहचान बैज या प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि जरूरतमंद के काम आना और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना है। विद्यार्थियों को अपने गांव और समाज में जागरूकता का संदेश पहुंचाने तथा शिक्षा के साथ सेवा भावना को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
साइबर सतर्कता अब हर उम्र की जरूरत : प्राचार्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रश्मि सिंह ने कहा कि आज बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लगभग हर व्यक्ति मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग कर रहा है। तकनीक ने जीवन आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनजान नंबरों से आने वाले संदेशों, संदिग्ध लिंक और बैंक संबंधी फर्जी कॉल से सावधान रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बैंक संबंधी कोई भी जानकारी फोन पर साझा करने के बजाय संबंधित बैंक शाखा में जाकर सत्यापन करना चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे केवल स्वयं ही जागरूक न रहें, बल्कि अपने परिवार और समाज के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। प्राचार्य ने NSS स्वयंसेवकों से सेवा, त्याग, समर्पण और सहभागिता की भावना को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। कॉलेज में होने वाली गतिविधियों में भी सभी विद्यार्थियों को जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना से आगे आना चाहिए।
नुक्कड़ नाटक ने बताया फ्रॉड से बचने का पहला हथियार जागरूकता।
कार्यक्रम में NSS स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही साइबर अपराध और उससे बचाव पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया। नाटक के माध्यम से फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और साइबर ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाओं को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के हाथों NSS के ‘बी’ प्रमाण पत्र भी स्वयंसेवकों को प्रदान किए गए।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक प्रेमकुमार झा, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुष्मिता सिंह, आरक्षक महेंद्र मण्डावी, आरक्षक बीरेंद्र कुमार, आरक्षक राकेश मरकाम, जेबीएस सदस्य गिरधारी लाल नरेटी, वरिष्ठ प्राध्यापक कमल किशोर प्रधान, डॉ. नसीम अहमद मंसूरी, रितेश कुमार नाग, सुषमा चालकी, नंदनी ध्रुव, स्नेहा रितेश नाग, सहायक कार्यक्रम अधिकारी योगेश यादव, श्रीदाम ढाली सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अधिकारी-कर्मचारी, NSS स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




